न्यूज 127, हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इंटर-डीपीएस नेशनल एथलेटिक मीट (बालक ओपन)-2026 का सोमवार, 23 नवंबर को भव्य उद्घाटन हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 40 डीपीएस विद्यालयों के लगभग 350 प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भेल के महाप्रबंधक एवं डीपीएस रानीपुर के (पीवीसी) नरेंद्र सिंह राणा ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी टीमों की सलामी ली तथा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल स्वस्थ जीवन का आधार हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है तथा सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह राणा, विशिष्ट अतिथि श्री आशीष गुप्ता एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने संयुक्त रूप से आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर छात्र आदित्य सिंह ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई, जबकि छात्र सौमिल ने एथलेटिक मीट की मशाल प्रज्ज्वलित कर खिलाड़ियों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया। डीपीएस बैंड की शानदार प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह को और आकर्षक बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीपीएस रानीपुर इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहा है। दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक सहित विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, कौशल एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देंगे। विद्यालय द्वारा सभी प्रतिभागियों के आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उत्कृष्ट मंच प्रदान करना है। दो दिवसीय इंटर-डीपीएस नेशनल एथलेटिक मीट (बालक ओपन)-2026 के पहले दिन विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा एवं उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित क्वालिफाइंग राउंड एवं फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबला देखने को मिला।

100 मीटर दौड़ के क्वालिफाइंग राउंड में डीपीएस विशाखापट्टनम के पी. संमुख, फरीदाबाद के विहान खन्ना, आगरा के अभय प्रताप, दुलियाजान के अनुकरण, नाचाराम के रेहांश, बाल्को के अर्थव अग्रवाल, मथुरा रोड के दारिम अहमद तथा भोपाल के प्रीत चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। इसी प्रकार 400 मीटर दौड़ के क्वालिफाइंग राउंड में डीपीएस फरीदाबाद के सागर सैनी, वसंत कुंज के अनिकेत, मेरठ के आदित्य, दुलियाजान के आदित्य, बाल्को के विकल्प, ग्रेटर नोएडा के आदित्य चौहान, सिद्धार्थ विहार के अंतरिक्ष तथा भोपाल के सिद्धार्थ डामर ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
800 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले में डीपीएस फरीदाबाद के सागर सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। डीपीएस दुर्ग के इशांत कुमार द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि आजाद नगर के शान पंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चक्का फेंक स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में डीपीएस फरीदाबाद के देव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डीपीएस दुर्ग के जाविन धनवानी द्वितीय तथा डीपीएस दुर्गापुर के सौमाल्य देशमुख तृतीय स्थान पर रहे। समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता की अन्य स्पर्धाएं जारी थीं तथा खिलाड़ियों में अगले मुकाबलों को लेकर विशेष उत्साह एवं जोश देखने को मिल रहा था।


