पीसीएस परीक्षा में चयनित अधिकारियों का सम्मान, युवाओं को बताई सफलता की युक्ति








Listen to this article

News 127, उत्तरकाशी।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में जनपद उत्तरकाशी से चयनित अधिकारियों के सम्मान में साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में एक गरिमामय “सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं तथा नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित कर उनके साथ प्रेरणादायी संवाद किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने सभी चयनित अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिविल सेवा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुशासन, विकास एवं जनकल्याण पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नवचयनित अधिकारियों ने अपनी मेहनत, लगन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर न केवल सफलता अर्जित की है, बल्कि जनपद का गौरव भी बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और नवचयनित अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने के उपाय तथा सफलता की रणनीति से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने अपने अनुभवों के आधार पर सहज एवं प्रेरक उत्तर दिया।
नवचयनित अधिकारियों ने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए युवाओं को संदेश दिया कि निरंतर प्रयास, धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर स्वयं को और बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा इस प्रेरणादायी एवं सराहनीय आयोजन के लिए साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए युवाओं के मार्गदर्शन हेतु ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशान्त आर्य, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित नवचयनित पीसीएस अधिकारी आशुतोष नौटियाल, प्रकृति नेगी, अंबरीश प्रसाद, आशुतोष राणा, गौरव मैठाणी, आयुष बधानी, देवाशीष जगूड़ी, राखी भंडारी, राजेश परमार, शुभम शाह एवं अपूर्वा थपलियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।