आईजी गढ़वाल की अपराध समीक्षा बैठक: लापरवाही पर सख्ती, उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान








Listen to this article

पथ प्रवाह, देहरादून
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के अधिकारियों के साथ विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की सर्किलवार समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजी गढ़वाल ने गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र खुलासे पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल के थानों का नियमित निरीक्षण कर विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।

बैठक के दौरान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए इसमें और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मुख्यालय और रेंज स्तर से संचालित अभियानों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी बल दिया गया।

आईजी गढ़वाल ने ईनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर भी सख्ती दिखाई और सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। किरायेदारों, फड़-ठेली संचालकों और मजदूरों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आईजी ने सभी से भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।