न्यूज 127, हरिद्वार।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती शादी के वादे तक पहुंची, लेकिन हरिद्वार पहुंचने के बाद मामला गंभीर आरोपों में बदल गया। मध्य प्रदेश की एक युवती ने पथरी थाना क्षेत्र निवासी युवक पर अपनी पहचान को लेकर भ्रमित करने, शादी का झांसा देकर जबरन संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पथरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, युवती की करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से दोस्ती हुई थी। युवक की इंस्टाग्राम आईडी पर उस समय नाम अमन सिंह दर्ज था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और संबंध बढ़ने के बाद शादी करने का निर्णय लिया गया। युवती का आरोप है कि वर्ष 2024 में युवक ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर शाहरुख कर लिया। पूछने पर उसने कथित तौर पर युवती को बताया कि उसका नाम अमन ही है और उसने कुछ समय के लिए नाम बदला है।
शादी के सपने लेकर निकली, दिल्ली में मिला युवक
युवती के अनुसार, 13 सितंबर को वह युवक से शादी करने के लिए मध्य प्रदेश स्थित अपने घर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। अगले दिन तड़के करीब पांच बजे युवक उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिला। इसके बाद वह उसे अपने साथ हरिद्वार लेकर आया। युवती का आरोप है कि हरिद्वार पहुंचने के बाद युवक ने पहली बार उसे बताया कि वह दूसरे धर्म का है और उससे शादी करने के लिए उसे धर्म परिवर्तन करना होगा। युवती ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया।
धर्म परिवर्तन से इनकार पर जबरन संबंध बनाने का आरोप
तहरीर में युवती ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर युवक ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, उस समय युवक की मां और भाई कमरे के बाहर मौजूद थे। युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता रहा।
शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और करीब तीन दिनों तक कमरे के बाहर से ताला लगा रहा। इसी दौरान युवक का बड़ा भाई कमरे में आया और उसके साथ अभद्रता करने का प्रयास किया। युवती के मुताबिक, इसके बाद वह बेहोश हो गई।
अस्पताल में मिली होश, फिर अज्ञात स्थान पर छोड़ने का आरोप
युवती के अनुसार, जब उसे होश आया तो उसने खुद को अस्पताल में पाया। आरोप है कि बाद में युवक उसे अस्पताल से वाहन में बैठाकर ले गया और किसी अज्ञात स्थान पर छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती ने किसी तरह अपने भाई से संपर्क किया और उसे पूरी घटना की जानकारी दी। भाई के साथ युवती पथरी थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


