भारतीय खिलाड़ियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: देशराज कर्णवाल




नवीन चौहान.
हरिद्वार, झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के नेतृत्व में सर्वदल/सर्व सामाजिक संगठनों ने वंदना कटारिया के घर रोशनाबाद जाकर उनकी माताजी व परिवार को सम्मानित किया। इस दौरान 4 अगस्त को मैच हारने पर हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर के सामने पटाखे फोड़ने, उनके परिवार के साथ गाली-गलौच व जातिसूचक शब्द कहने वाले, देश विरोधी नारे लगाने वाले देशद्रोहियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

विधायक के नेतृत्व में जिलाधिकारी हरिद्वार एवं एसपी क्राइम को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम की सदस्य वंदना कटारिया ने टोक्यो जापान में चल रहे ओलम्पिक खेलों में हमारे देश का मान बढ़ाया है और भारत मां का परचम पूरे संसार में लहराया है।

जिससे देश व प्रदेश में खुशी की लहर है, परन्तु उसकी बढ़ती लोकप्रियता के कारण कुछ संक्रीर्ण मानसिकता के लोगों द्वारा भारतीय महिला हॉकी टीम की सेमीफाइनल में हार के बाद रोशनाबाद उनके घर के सामने आतिशबाजी की गई और वंदना कटारिया मुर्दाबाद, भारतीय टीम मुर्दाबाद और भारत मुर्दाबाद के नारे लगाये तथा काफी अपमानजनक जातिसूचक शब्द कहे।

इस मुकदमे में केवल अभी तक दो देशद्रोहियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस प्रशासन/जिलाधिकारी द्वारा की जा रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह की धारा भी लगाए जाने की मांग की गई।

हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि वंदना कटारिया पूरे देश की बेटी है। जिन संक्रीर्ण मानसिकता वाले लोगों ने देश के खिलाफ और वंदना के परिवार के खिलाफ यह राष्ट्र विरोधी अपराधिक कृत्य किया है वह किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्दोष भी जेल नहीं जाने चाहिए। इस मौके पर सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने एक राय होकर कहा है कि यदि कोई सामाजिक संगठन या राजनीति दल इस घटना की आड़ में राजनीति से प्रेरित होकर या किसी अन्य कारणों से कोई अप्रिय घटना घटित करता है तो उसकी जिम्मेदारी उसी संगठन की होगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *