केतन लाल हत्याकांड: पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने पीड़ित परिवार को दिया आश्वासन — न्याय मिलने तक संघर्ष जारी








Listen to this article


पथ प्रवाह, नई टिहरी
बहुचर्चित केतन लाल हत्याकांड को लेकर जनभावनाएं लगातार मुखर हैं। इसी क्रम में आज उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा देवल पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत केतन लाल के परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन न्याय दिलाने की लड़ाई में पूरा समाज और कांग्रेस परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

इसके उपरांत प्रदीप टम्टा ने घटना में घायल हुए युवक दिवाकर डिमरी के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का मनोबल बढ़ाते हुए दिवाकर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रदीप टम्टा ने कहा कि केतन लाल की निर्मम हत्या केवल एक परिवार पर नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनाओं पर आघात है। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य और लोकतांत्रिक समाज में ऐसी घटनाएं स्वीकार्य नहीं हो सकतीं। उन्होंने अपील की कि इस दुखद घटना को किसी जातीय या सामाजिक दृष्टिकोण से देखने के बजाय न्याय और मानवता के नजरिए से देखा जाना चाहिए।

पूर्व सांसद ने कहा कि केतन लाल के परिवार के साथ समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर खड़े हैं और सभी की एक ही मांग है कि दोषियों को शीघ्र एवं कठोरतम दंड मिले। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कानून अपना काम पूरी निष्पक्षता और तेजी के साथ करेगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय अवश्य मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज की एकजुटता ही पीड़ित परिवार की सबसे बड़ी ताकत है। न्याय मिलने तक सभी संवेदनशील लोग परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

इस दौरान उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एडवोकेट शांति प्रसाद भट्ट, प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश एवं पूर्व नगर अध्यक्ष जय प्रकाश इन्दवाण सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।