हरिद्वार।
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल ने यातायात प्रबंधन एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए यातायात कार्य योजना को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवहारिक बनाया जाए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन, डायवर्जन प्लान, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन मार्गों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं और फील्ड स्तर पर उनका परीक्षण भी किया जाए।
इसके उपरांत, अमृत स्नान पर्व को ध्यान में रखते हुए श्री अग्रवाल ने अखाड़ों के प्रमुख स्नान मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य चौक एवं बाल्मीकि चौक का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संभावित यातायात बाधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत स्नान जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात/क्राइम सुश्री निशा यादव, यातायात उपाधीक्षक बिपेंद्र सिंह, यातायात निरीक्षक हितेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
कुंभ मेला 2027: एसएसपी कुंभ ने अमृत स्नान मार्गों का किया निरीक्षण




