, हरिद्वार
कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्यूशन के लिए घर से निकली 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की आशंका जताई गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, 8 मई की शाम करीब 4 बजे गोविन्दपुरी क्षेत्र निवासी एक किशोरी ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इस संबंध में परिजनों द्वारा कोतवाली ज्वालापुर में सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ज्वालापुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी माध्यमों की मदद से तलाश अभियान चलाया और 9 मई की सुबह करीब 11 बजे किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गई थी तथा रात में कनखल क्षेत्र में गंगा किनारे रुकी रही। बाद में सहेली को सूचना देने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और उसे वापस लाया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में किशोरी और उसके परिजनों ने किसी प्रकार की आपराधिक घटना से इनकार किया था, जिसके बाद उसे दोपहर करीब 3:30 बजे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हालांकि उसी दिन शाम को किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे रानीपुर मोड़ स्थित सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। 10 मई को डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें किशोरी के शरीर में संदिग्ध जहर (Suspected Poison) की पुष्टि की बात सामने आई है।
किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने उसके मित्र ऋतिक सहित कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




