नवीन चौहान.
उत्तराखंड में भाजपा का सीएम चेहरा सामने आते ही सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया गया। सीएम पद के लिए विधायक दल के नेता पुष्कर सिंह धामी को चुना गया है। पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राजभवन पहुंच कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और इस संबंध में राज्यपाल को पत्र सौंप दिया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सोमवार सांय 6 बजे राजभवन पहुंचे। उनके साथ विधानमंडल दल के नव निर्वाचित नेता पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से भेंट कर उन्हें अवगत कराया कि पुष्कर सिंह धामी को विधानमंडल दल का नया नेता चुना गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नई सरकार मंत्रिमंडल के गठन का अनुरोध पत्र राज्यपाल को सौंपा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, अजय भट्ट, सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत, नव निर्वाचित विधायक सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्य, अरविंद पांडे सहित अन्य नवनिर्वाचित विधायकगण उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुरोध पत्र को स्वीकारते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने का निर्णय लिया है।