एएसपी समेत 10 सीधी भर्ती और तीन पदोन्नत डीएसपी को मिली जिम्मेदारी, हरिद्वार को मिले दो अधिकारी
न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए एक सहायक पुलिस अधीक्षक समेत कुल 14 अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को विभिन्न जनपदों और पुलिस इकाइयों में रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती दी गई है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार देव व्रत जोशी, आईपीएस (आरआर-2023) को सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर हरिद्वार में तैनाती दी गई है। वहीं पदोन्नति के फलस्वरूप तीन पुलिस उपाधीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेश साह को जनपद बागेश्वर, प्रदीप पन्त को 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार तथा नदीम अतहर को आईआरबी द्वितीय, देहरादून में तैनाती मिली है।
इसके अलावा प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद 10 पुलिस उपाधीक्षकों को विभिन्न जनपदों में तैनात किया गया है। दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधमसिंहनगर, लव शर्मा को नैनीताल, तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल तथा आदित्य तिवारी को देहरादून भेजा गया है।
इसी क्रम में समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ति कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग और विनय सिंह को नैनीताल में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी इन तैनाती आदेशों को आगामी दिनों में संबंधित जनपदों और इकाइयों में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को उनके नए कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।


