मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, अखिलेश भी अस्पताल पहुंचे








Listen to this article

न्यूज 127. लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:55 बजे प्रतीक यादव को उनके आवास से अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुबह साढ़े पांच बजे सिविल अस्पताल के कार्यवाहक निदेशक के पास उनके घर से फोन आया था। जिसके बाद डॉ. प्रिंस टीम के साथ घर गए थे। शरीर में कोई हरकत न दिखने पर अस्पताल लाया गया था। बताया गया कि उसके बाद प्रतीक यादव को उनके साले और दोस्त अस्पताल लेकर आए थे।

मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जब प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स नहीं चल रही थी। उनकी आंखें स्थिर हो चुकी थीं। उन्हें तत्काल गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया, लेकिन प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक यादव के शव का केजीएमयू लखनऊ में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने वाली है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी अस्पताल पहुंच गए हैं। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव असम से लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो पाएगा कि मौत कैसे हुई।

पोस्टमार्टम हाउस से निकलने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक यादव आज हमारे बीच नहीं है बहुत दुख है। वह नौजवान था, बचपन से ही उसे स्वास्थ्य के प्रति, अपने हेल्थ के प्रति लगाव था, वह जीवन में आगे बढ़ना चाहता था। वह बहुत अच्छा लड़का जो अपने मेहनत से कुछ करना चाहता था, बहुत दुखद है वह हमारे बीच नहीं रहा।

अखिलेश यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात हुई थी लगभग 2 महीने पहले। उस समय भी मैंने यही कहा था अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ। कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उससे कई बार आदमी बहुत टूट जाता है। वह हमारे बीच नहीं है, परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे।