न्यूज 127, हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एचपीवी टीकाकरण एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बालिका एवं अभिभावक अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी संक्रमण एवं सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने तथा अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, उपयोगिता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल द्वारा सभी चिकित्सकों एवं उपस्थित अभिभावकों के विधिवत स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में डॉ. आरती बहल (चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. अंतिमा सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विनय कुमार सिंह (चिकित्सा अधिकारी) तथा अखिलेश जोशी (खंड कार्यक्रम प्रबंधक) ने सहभागिता की।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारण एवं बचाव, एचपीवी वैक्सीन के महत्व एवं सुरक्षा तथा बालिकाओं के लिए उपयुक्त टीकाकरण आयु के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, अभिभावकों को निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण तथा संबंधित पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने एचपीवी संक्रमण, टीकाकरण, वैक्सीन की सुरक्षा एवं इसके लाभों से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएँ एवं शंकाएँ विशेषज्ञों के समक्ष रखीं। चिकित्सकों ने सभी प्रश्नों का सरल, तथ्यपरक एवं संतोषजनक ढंग से समाधान किया तथा अभिभावकों को अपनी बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
यह अभिमुखीकरण कार्यक्रम एचपीवी टीकाकरण को प्रोत्साहित करने तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अभिभावकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाई गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए चिकित्सा विभाग की पूरी टीम के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।








