व्यापारी नेता लोकेश अग्रवाल को देर रात पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट








Listen to this article

महंगाई के खिलाफ आवाज उठाना अपराध नहीं, अधिकार है: लोकेश अग्रवाल

न्यूज 127,
कामर्शियल गैस सिलेंडर पर लगातार की जा रही बेतहाशा मूल्य वृद्धि के विरोध में आज उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश पंजीकृत द्वारा महंगाई का पुतला फूंकने और ज्ञापन देने का कार्याक्रम था। राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल को देर रात्रि लगभग 1:30 बजे उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
व्यापारियों का कहना है कि आवाज को दबाने की यह तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई प्रदेश सरकार और प्रशासन की घोर विफलता को दर्शाती है। जिस सरकार को बढ़ती महंगाई पर जवाब देना चाहिए, वह अब विरोध करने वालों को कैद करने पर उतर आई है। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि कामर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने छोटे व्यापारियों, होटल, ढाबा, मिठाई एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है। व्यापारी पहले ही बिजली के स्मार्ट मीटर, बढ़ते टैक्स और आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है, ऊपर से गैस सिलेंडर की लूट ने व्यापार चौपट करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह सोचती है कि व्यापारियों को डराकर आंदोलन रोका जा सकता है, तो यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। व्यापार मंडल अन्याय, शोषण और महंगाई के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश पंजीकृत प्रशासन को चेतावनी देता है कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया और दमनात्मक कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।