नवीन चौहान.
अवैध रूप से पशुओं का कटान कर उनके मांस को बेचने और तस्करी करने वाले गिरोह के साथ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में अलग अलग स्थानों से सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत 4 अभियोग दर्ज किये गए हैं।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पशुओं का कटान करने/ पशु मांस विक्रय करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किये जाने हेतु निर्देशित किया हुआ है। जिसके अनुपालन में दून पुलिस द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध पशु कटान में लिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
कोतवाली पटेलनगर
अवैध रूप से पशु कटान में लिप्त 03 अभियुक्तों को पटेलनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दिनांक 25-02-2024 को कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि शिमला बाईपास क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से पशुओ का कटान कर मांस विक्रय किया जा रहा है। उक्त सूचना पर पटेलनगर पुलिस द्वारा मेहुवाला क्षेत्र में नया नगर चौक के पास मदरसे की बांयी तरफ एक मीट की दुकान में अवैध रूप से पशुओं का कटान कर रहे 03 अभियुक्तों 1- फुरकान अली पुत्र शेर अली, 2- वसीम पुत्र मो0 युसूफ तथा 3- शाबान पुत्र रमजान को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 01 लोहे का चापड, 01 छुरी, 01 कुल्हाडी तथा 16 किलो भैंस का मांस बरामद हुआ। अभियुक्तों के विरूद्व थाना पटेलनगर पर मु0अ0सं0- 145/24, धारा 3/11(1) पशु क्रूरता निवारण अधि0 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
थाना सहसपुर पुलिस ने 4 अभियुक्तों को अवैध रूप से पशु कटान करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक थाना सहसपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम रामपुर में पशुओं का अवैध कटान कर बिना लाइसेंस मांस विक्रय करने के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए दिनाँक 25/02/2024 को प्रभारी निरीक्षक थाना सहसपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा पशुओं का अवैध रूप से कटान कर रहे 4 अभियुक्तगणों को रामपुर गांव में अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से पशु काटने के इस्तेमाल किए जाने वाले 03 कुल्हाड़ी, 03 छुरी, 160 kg भैंस का मांस व 17,770/- रु (अवैध रूप से मीट बेचकर अर्जित धनराशि) बरामद किए गए, जिसके आधार पर अभियुक्त गण के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत 03 अलग- अलग अभियोग पंजीकृत किये गए है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम कोसीन पुत्र तासीन निवासी रामपुर कला थाना सहसपुर जनपद देहरादून उम्र 22 वर्ष, असलम पुत्र इकराम निवासी खुजनावर थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर उम्र 34 वर्ष, आरिफ पुत्र मतलूब निवासी रामपुर कला थाना सहसपुर जनपद देहरादून उम्र 26 वर्ष, साहिब पुत्र फारूख निवासी रामपुर कला थाना सहसपुर जनपद देहरादून उम्र 23 वर्ष बताए गए हैं।