नवीन चौहान.
केंद्र सरकार ने बुधवार को नए सीडीएस की नियुक्ति कर दी है। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान को अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के रूप में नियुक्त किया है।
देवभूमि उत्तराखंड के सपूत लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (से.नि.) को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किए जाने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
अनिल चौहान भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने ये जानकारी दी है। ले. जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान की गोरखा राइफल से सेना में एंट्री हुई थी। वह पीओके में बालाकोट स्ट्राइक की प्लानिंग में भी शामिल थे और पिछले साल ही रिटायर हुए हैं।
लगभग 40 वर्षों से अधिक के अपने करियर में लेफ्टिनेंट जनरल (रि) अनिल चौहान ने कई कमांड, स्टाफ और सहायक नियुक्तियां की हैं। जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्व भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों में उन्हें व्यापक अनुभव है।