नवीन चौहान,
हरिद्वार। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार बरेली के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिये हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा को प्रणाम किया और गंगा आरती दर्शन में हिस्सा लिया। जिसके बाद उन्होंने वीआईपी घाट पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा आयोजित चिंतन बैठक की।
बरेली के भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से हरिद्वार के वीआईपी घाट पर आयोजित लोकसभा शंखनाद 2019 के कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने किया। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुये उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने भ्रष्टाचार किया था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया है।
जीएसटी और नोटबंदी देश की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में कारगर साबित हुई है। भ्रष्टाचारी बौखला रहे है। भ्रष्टाचारियों को खोज खोज कर जेल भेजा जा रहा है। इसके अलावा देश के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। वही जहां उत्तर प्रदेश के चंद शहरों में बिजली आती थी वहां देहात के इलाके भी बिजली की रोशनी से सराबोर है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बैकों के राष्ट्रीयकरण का कार्य किया था। लेकिन भाजपा की सरकार ने 31 करोड़ बैंको में जीरो बैलेंस से खाते खोलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीएफ और ईएसआई को लेकर भी बड़ा कदम उठा रही है। जिससे किसी भी प्रतिष्ठान में कार्य करने वाले कर्मचारी को लाभ होगा। चिंतन बैठक में आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बरेली के भाजपा जिलाध्यक्ष कुंवर रविंद्र सिंह राठौर, मीरगंज विधायक डॉ डीसी वर्मा, महामंत्री पवन शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और मीडिया प्रभारी धर्म विजय गंगवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल वर्षा कर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार का स्वागत किया।



