न्यूज 127.
डीएवी पब्लिक स्कूल देहरादून में शुक्रवार को विद्यालय प्रांगण में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह दिवस आर्थिक समरसता एवं कर सुधारों की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में चिन्हित किया जाता है। रेवेन्यू विभाग कंट्रोल गुड्स एंड सर्विस टैक्स के प्रिंसिपल कमिश्नर शुभ चिंतन को विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता तथा संपूर्ण जीएसटी टीम को आमंत्रित व सम्मानित किया गया।

छात्रों को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल कमिश्नर शुभ चिंतन ने उनकी जोशपूर्ण भागीदारी की सराहना की तथा उन्हें सदैव बड़े सपने देखकर उन्हें पूरा करने के लिए प्रयत्नशील रहने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जीएसटी के प्रति हमारी समझ को गहरा करना और हमारी प्रणाली में पारदर्शिता के मूल्य को उजागर करना था।

नवोदित मस्तिष्कों को राष्ट्रीय निर्माण की दिशा में प्रेरित करने हेतु लोगो तथा स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। लोगो डिजाइन में जहांँ प्रथम स्थान गौरी थपलियाल, द्वितीय स्थान प्रियांशी बिष्ट तथा तृतीय स्थान आरव सिन्हा को मिला, वहीं स्लोगन राइटिंग में प्रथम स्थान मारकंडे त्रिपाठी, द्वितीय स्थान रिद्धिमा गोसाई व तृतीय स्थान मनस्वी राणा ने प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कार स्वरूप एक साइकिल प्रदान की गई।

प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने प्रिंसिपल कमिश्नर शुभ चिंतन, आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता और संपूर्ण जीएसटी टीम का इस ज्ञानवर्धक और आकर्षक आयोजन के लिए हृदय से धन्यवाद दिया।
जीएसटी दिवस का यह आयोजन छात्रों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा बल्कि उन्होंने भारत की कर प्रणाली को समझने का एक सार्थक प्रयास भी किया।
