टिफिन बैठक में दिखा संगठन का दम, कार्यकर्ताओं संग जमीन पर बैठकर किया भोजन








Listen to this article


पथ प्रवाह, देहरादून
देहरादून की धर्मपुर विधानसभा में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित टिफिन बैठक में भाजपा का संगठनात्मक सामर्थ्य और कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ नजर आया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और स्थानीय विधायक विनोद चमोली की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए सभी ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना रहा। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण योजनाओं, पारदर्शी शासन और सेवा भावना के कारण आज सरकार पर जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

कार्यक्रम में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है, जो हर परिस्थिति में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है। कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत के बल पर ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।

टिफिन बैठक के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक विनोद चमोली व अन्य जनप्रतिनिधि जमीन पर बैठकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ भोजन करते नजर आए। इस सरलता और सादगी ने उपस्थित लोगों के दिलों को छू लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भाजपा में नेता और कार्यकर्ता के बीच कोई दूरी नहीं है, बल्कि सभी एक परिवार की तरह मिलकर राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प भी दोहराया गया और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।