न्यूज 127. मेरठ।
उत्तर प्रदेश में तीन दिन चलने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10-12 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा के लिए यूपी रोडवेज ने अतिरिक्त बस चलाने का फैसला किया है। प्रवेश पत्र दिखाने पर अभ्यर्थी का किराया आधा हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए यह ? लिखित परीक्षा आज से शुरू हुई है। सोमवार से बुधवार तक लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
जनपद मेरठ में भी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसएसपी मेरठ स्वयं पूरी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दिशा निर्देश दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस फोर्स उपलब्ध कराया गया है।
सोमवार को परीक्षा के पहले दिन कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश करने दिया गया। इससे पहले उनके आधार कार्ड का सत्यापन और ई-केवाई की प्रक्रिया भी की गई। अभ्यर्थियों को आइरिस जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी गई। वहीं स्थानीय पुलिस और एसटीएफ संदिग्धों पर नजर रखे हुए हैं।




