वेद प्रचार सप्ताह: वेद मंत्रों की व्याख्या के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाए जा रहे उपयोगी विचार




Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर हरिद्वार में वेद प्रचार सप्ताह के तहत 19 अगस्त से 25 अगस्त तक निरंतर आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के तत्वावधान में वैदिक प्रचार प्रसार का कार्य किया जा रहा है।

महर्षि दयानंद की छोटी सी पुस्तक आर्यभिविनय में संकलित वेद मंत्रों की व्याख्या के माध्यम से उपयोगी विचारों को प्रतिदिन प्रातःकालीन सभा के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

तत्पश्चात चतुर्वेदशतकम के ऋग्वेद, यजुर्वेद के मंत्रों की आहुतियों के द्वारा प्रतिदिन यज्ञ किया जा रहा है। इस यज्ञ में प्रतिदिन विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल, पर्यवेक्षिकाएं, अध्यापक, अध्यापिकाएं तथा कक्षा अनुसार विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।

वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण, प्रकृति संरक्षण का कार्य भी 21 अगस्त को प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।

सर्वप्रथम राष्ट्रीय सेवायोजन इकाई (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस चौकी, जगजीतपुर के इंचार्ज को पीपल, नीम और अन्य उपयोगी पौधे प्रदान किए गए।

उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया और प्रतिबद्धता की कि वे इन पौधों की देखभाल करेंगे। डीएवी संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना भी की।

विद्यालय के पास की कॉलोनी में घरों में जाकर विद्यार्थियों ने वृक्ष लगाए। हर घर में एक-एक पौधा दिया गया तथा लोगों को पौधों को लगाने की प्रेरणा भी दी गई।

कालोनीवासियों को जागरूक करते हुए पौधों की देखभाल करने के लिए कहा गया। जिससे यह धरा फिर से हरी भरी हो जाए, पर्यावरण शुद्ध हो। यह डीएवी संस्था के द्वारा की जा रही एक छोटी सी मुहिम है।

वेद प्रचार सप्ताह के अंतर्गत घर-घर वृक्ष लगाएं धरा को सजाएं, स्वच्छ प्राण वायु पाएं, जीवन को स्वस्थ बनाएं, इसी को साकार करने के लिए घर-घर वृक्ष प्रदान किए गए।