- मंडी समिति व श्रमिक कल्याण बोर्ड के दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, श्रमिकों को किट वितरण के साथ स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर
न्यूज 127, हरिद्वार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार एवं श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से मंडी समिति परिसर ज्वालापुर में दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किसानों के सम्मान के साथ पंजीकृत श्रमिकों को शिक्षण, पोषण एवं स्वच्छता किट वितरित की गईं। आमजन के लिए स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान, श्रमिक और आमजन के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आयुष्मान स्वास्थ्य योजना सहित श्रमिकों और उनके बच्चों के लिए शिक्षा, आवास एवं उपचार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ उर्वरक, कीटनाशक और बीजों पर सब्सिडी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। गन्ने के मूल्य को लेकर भी सरकार ने किसानों के हित में निर्णय लिए हैं। मंडी समिति की ओर से भी कृषकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ मंडी सचिव लवकेश कुमार के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने श्रम विभाग एवं मंडी समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को विभिन्न किट वितरित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों, श्रमिकों और किसानों को सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने मंडी समिति एवं विपणन बोर्ड द्वारा किसानों, छात्रों और व्यापारियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मंडी सचिव लवकेश कुमार के प्रयासों से भूमानंद अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। वहीं श्रमिक कल्याण बोर्ड के सहयोग से मोबाइल वैन के माध्यम से श्रमिकों की 44 प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पोषण किट, स्वच्छता किट और शिक्षण किट वितरित की गईं। प्रमिता पत्नी खड्ग सिंह, ममता देवी पत्नी राजकुमार चौहान और महसर पत्नी महताब सहित अन्य लाभार्थियों को किट प्रदान की गईं। बच्चों अबरार, कार्तिक, देविका और देव सहित अन्य को शिक्षण किट दी गई। राजवीर, धर्मेंद्र, छत्रपाल और इसरान सहित अन्य लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की गईं। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य जांच योजना के तहत अनीता देवी, जितेंद्र, मुकेश और अमृता देवी समेत अन्य लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर रिपोर्ट मुख्य अतिथि को सौंपी गई।
इस अवसर पर दर्जाधारी जयपाल सिंह चौहान, लोकेश पाल, विशाल राठौर, सुनील सैनी, कलीम अंसारी, इमरान अली और मंसूरी प्रधान व्यापारी यूनियन सहित अन्य ने विचार रखे। संचालन प्रत्यूष आत्रेय ने किया।
कार्यक्रम में मंडी निरीक्षक वर्षा गुप्ता, शिवमूर्ति सिंह, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, आशीष कुमार, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, श्रम अधिकारी मीनाक्षी सहित मंडी समिति और श्रम विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। श्रम विभाग की ओर से बताया गया कि बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में निरंतर जारी रहेगा।




