अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर DM मयूर दीक्षित सख्त, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं






Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार
अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट रोशनाबाद में जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला उप जिला चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की खरीद नियमानुसार उचित दरों पर सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

मेला अस्पताल में सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर
मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने भवन के रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

अतिक्रमण और गंदगी पर होगी कार्रवाई
डीएम ने मेला अस्पताल के आसपास तथा अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर और आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने को कहा। अस्पताल परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश गुप्ता तथा मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव से संबंधित एजेंडा और विवरण प्रस्तुत किया।

इस दौरान लोकसभा सांसद प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।