न्यूज 127, हरिद्वार
बहादराबाद स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र एवं सर्जरी कक्ष का शुभारंभ किया गया। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने केंद्र का उद्घाटन किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने की।
इस अवसर पर अतिथियों ने फीता काटकर सर्जरी कक्ष का उद्घाटन किया। केंद्र में आयुर्वेद की विशिष्ट चिकित्सा पद्धतियों, विशेषकर क्षार कर्म एवं शल्य चिकित्सा की सुविधा क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई जाएगी। मदन कौशिक ने कहा कि आयुर्वेद प्राचीन चिकित्सा परंपरा के साथ स्वस्थ जीवन की वैज्ञानिक दृष्टि भी प्रस्तुत करता है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण आयुष सेवाएं पहुंचाना है।
विधायक आदेश चौहान ने केंद्र को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। स्वामी अनंतानंद महाराज ने आयुर्वेद, गौशाला और विषमुक्त कृषि के परस्पर संबंध पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।








