पल्लवपुरम पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ित को वापस दिलाए ₹41,000










Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों की डूबी रकम वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पल्लवपुरम पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम को एक और सफलता मिली है। पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित के ₹41,000 वापस करा दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 17 अप्रैल 2026 को अतुल कुमार श्रीवास्तव (निवासी फेस-1, मोदीपुरम, थाना पल्लवपुरम) ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन/पोर्टल पर शिकायत (संख्या 33104260085062) दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके साथ 97,500 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ के आदेशानुसार, एसपी सिटी व एसपी क्राइम के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी दौराला के पर्यवेक्षण में पल्लवपुरम पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। थाना पल्लवपुरम की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने संबंधित बैंकों और मर्चेंट कंपनियों से तत्काल संपर्क साधा और ठगी गई कुल राशि में से ₹41,000 की धनराशि फ्रीज करवा दी। इसके बाद आवश्यक कानूनी और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए यह धनराशि पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर करा दी गई।

अपनी गाढ़ी कमाई का बड़ा हिस्सा वापस पाकर पीड़ित अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मेरठ पुलिस और पल्लवपुरम साइबर हेल्प डेस्क टीम की त्वरित कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष भरत सारस्वत और उपनिरीक्षक मनोज बैसोया (थाना पल्लवपुरम, मेरठ) की मुख्य भूमिका रही।