पल्लवपुरम पुलिस की बड़ी कामयाबी: साइबर ठगी के ₹49,999 पीड़ित को वापस कराए










Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पल्लवपुरम पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित के ₹49,999 शत-प्रतिशत वापस करा दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 5 सितंबर 2026 को नितिन शर्मा निवासी फेस-1, मोदीपुरम (थाना पल्लवपुरम) ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उनके खाते से धोखाधड़ी कर ₹49,999 की रकम उड़ा ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक नगर व पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दौराला के पर्यवेक्षण में पल्लवपुरम पुलिस ने जांच शुरू की। थाना पल्लवपुरम साइबर हेल्प डेस्क टीम ने संबंधित बैंकों और मर्चेंट से तत्काल समन्वय स्थापित कर ठगी गई पूरी धनराशि को होल्ड करवाया और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शत-प्रतिशत राशि पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर करवा दी।

अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर आवेदक नितिन शर्मा ने मेरठ पुलिस और पल्लवपुरम साइबर हेल्प डेस्क टीम की त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। सराहनीय कार्य करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भरत सारस्वत और उपनिरीक्षक मनोज बैसोया (थाना पल्लवपुरम, मेरठ) की मुख्य भूमिका रही।