देर रात मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, पुलिस ने दबोचा; दूसरा आरोपी फरार
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश से पूछताछ की, पुलिस टीमों को दिए आवश्यक निर्देश
पथ प्रवाह, हरिद्वार।
बहादराबाद क्षेत्र के बहुचर्चित हैप्पी हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने ग्राम दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक छोड़कर झाड़ियों की आड़ से पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और काले रंग की स्पेलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। एक गोली सरकारी वाहन की चालक साइड की खिड़की के नीचे भी लगी। पुलिस टीम ने झाड़ियों को घेरकर बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा। फायरिंग बंद होने के बाद एक बदमाश के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली, जिसे पुलिस ने सावधानीपूर्वक दबोच लिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पर कोतवाली जनकपुरी, सहारनपुर में एक युवती को भगाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में इस्तकार की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इस्तकार को संदेह था कि मृतक हैप्पी ने उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चली आ रही थी।
पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार कथित रूप से स्मैक के धंधे में शामिल हो गया था। हैप्पी द्वारा उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दिए जाने और कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। इसके बाद इस्तकार अपने परिवार के साथ कलियर और फिर सहारनपुर चला गया, लेकिन पुलिस के मुताबिक वह चोरी-छिपे शांतरशाह आता-जाता रहा।
पुलिस जांच में सामने आया कि 12 सितंबर को आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद एसएसपी ने गठित की थीं कई टीमें
14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश और मामले के खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद बहादराबाद पुलिस के साथ सीआईयू हरिद्वार, सीआईयू रुड़की और अन्य थानों की पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए मेला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया। सूचना मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और पुलिस टीम से मुठभेड़ तथा घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
दूसरे बदमाश की तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस टीम की कार्रवाई पर एसएसपी हरिद्वार ने ढाई हजार रुपये तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
बरामदगी- 315 बोर का एक तमंचा, 315 बोर के दो खोखे, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, काले रंग की स्पेलेंडर मोटरसाइकिल
गिरफ्तार आरोपी
मुदस्सिर पुत्र जमशेद, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर।
पुलिस टीम में
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, एसएसआई अशोक सिरसवाल, विकास रावत, अजय कुमार, हेमदत्त भारद्वाज सहित तमाम काबिल पुलिस अफसर रहे।


