हरिद्वार में राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी, भावुक हुए मुख्यमंत्री




Listen to this article

​न्यूज 127, हरिद्वार।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं।

​दिवंगत सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के नमामि गंगे घाट लाया गया था। यहां अंतिम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई दिग्गज राजनेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संत-महात्माओं का तांता लगा रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

​अंतिम यात्रा और संस्कार के दौरान घाट पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन को व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालात को देखते हुए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी खुद मोर्चा संभालते नजर आए। उन्होंने लोगों के बीच पहुंचकर रास्ता बनवाया और भीड़ को व्यवस्थित करने में प्रशासन की मदद की।

​इस दुखद घड़ी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर सांसद रवि किशन, उत्तराखंड भाजपा की सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज, योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी और स्वामी चिदानंद मुनि महाराज सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।