मखदूमपुर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा मेले का भव्य शुभारंभ, गंगा आरती और दीपदान से गूंजा तट




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
जिले के मखदूमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। पारंपरिक पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, गंगा आरती और दीप प्रवाहित करने के साथ शुरू हुए इस आयोजन ने पहले ही दिन घाट को आस्था और भक्ति के रंग में रंग दिया। उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शुभारंभ अवसर पर गंगा तट पर विधि-विधान से हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन किया गया और दूध से अभिषेक कर सभी की सुख-समृद्धि व मेले के निर्विघ्न आयोजन की कामना की गई। संध्या समय हुई भव्य गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में दीप प्रवाहित किए। नदी की लहरों पर तैरते दीपों की जगमगाहट से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।

मेले के पहले दिन से ही आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अगले पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन और मेला समिति की ओर से घाट पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां की गई हैं ताकि स्नान और दर्शन के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले भक्तों की बढ़ती भीड़ के साथ मखदूमपुर घाट पर धार्मिक आस्था का जीवंत दृश्य देखने को मिला।