हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
न्यूज 127, देहरादून।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंका गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक और एफएसएल टीमों को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने उसके शव की तस्वीर और हाथ पर बने टैटू की तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की है। इसके अलावा जनपद के अन्य थानों के साथ ही आसपास के जनपदों और राज्यों से भी लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी बिधोली ने स्वयं वादी बनकर प्रेमनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर कर रहे हैं। वहीं, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस टीमें घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की जानकारी जुटा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। इसमें 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


