न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
यातायात माह के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान मेरठ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 172 मॉडिफाइड साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट करा दिए। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों से ये अनधिकृत साइलेंसर हटवाए और जब्त किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है और ध्वनि प्रदूषण फैलता है।
कार्रवाई के दौरान एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे दोपहिया वाहनों में केवल कंपनी के निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी ऐसी सख्त और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


