‘ऑपरेशन दृष्टि’ मेगा नेत्र शिविर के दूसरे दिन 125 नेत्र सर्जरी सफल, 25 नवंबर तक चलेगा अभियान




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
सैन्य अस्पताल, मेरठ में आयोजित मेगा नेत्र शिविर ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के दूसरे दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 125 सफल नेत्र सर्जरी कीं। यह जानकारी सैन्य अस्पताल की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है।

ब्रिगेडियर एस. के. मिश्रा के नेतृत्व में नेत्र रोग विशेषज्ञों की समर्पित टीम ने मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों के लिए पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, आश्रितों और आम नागरिकों की जांच की तथा पात्र मरीजों की सर्जरी की।

सूर्या कमान के तत्वावधान में इस मेगा नेत्र शिविर का उद्घाटन 21 नवंबर 2026 को मुख्यालय पीयूपीएसए के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने किया था।

सैन्य अस्पताल, मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर सी. पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी और मरीजों की देखभाल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।

उन्होंने बताया कि यह शिविर 25 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा, जिसके तहत लाभार्थियों को निशुल्क नेत्र जांच और सर्जरी की सुविधा मिलती रहेगी। यह पहल पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके आश्रितों और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।