न्यूज 127.
मौसम विभाग ने हरिद्वार जनपद के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी जनपदवासियों को सर्तक रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज (मंगलवार) जनपद में कुछ स्थानों पर अतिवृष्टि हो सकती है, इस दौरान बिजली गरजने और कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना जतायी गई है। इस समय गंगा में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। सुबह सात बजे गंगा का जलस्तर भीमगोडा बैराज पर 293.10 मीटर था जो चेतावनी स्तर से अधिक था। हलांकि 9 बजे गंगा के जलस्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 9 बजे लिए गए आंकड़ों में भीमगोडा बैराज पर गंगा का जलस्तर 292.90 मीटर दर्ज किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को बारिश के दौरान घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की अपील की है। इसके साथ ही मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन की गाइड लाइन का पालन करने के लिए कहा गया है। गंगा के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वह गंगा के घाटों पर ही स्नान करें, घाटों पर बनी रेलिंग के पार जाकर स्नान न करने की चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला में समस्त अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। सभी अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण आदि कर सतत निगरानी के निर्देश दिये गए हैं। जलभराव वाले स्थानों में समय रहते उचित कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
Yellow alert: हरिद्वार में बारिश का येलो अलर्ट, गंगा भी उफान पर




