आढ़ती के नौकर से ढाई लाख की लूट, भीड़ ने एक बदमाश पकड़ा








Listen to this article

न्यूज 127.
कोतवाली लक्सर क्षेत्र में लक्सर रोड पर बेगमपुर से आगे रविवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। आढ़ती के एक नौकर से चार बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद मौके पर जुटी जनता ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी सवार होकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार लक्सर निवासी भूषण कुमार की आढ़त की दुकान है। रविवार को उन्होंने अपने नौकर रवि को सुल्तानपुर क्षेत्र में कलेक्शन के लिए भेजा था। दोपहर करीब तीन बजे रवि ढाई लाख रुपये लेकर वापस लक्सर लौट रहा था। जैसे ही वह बेगमपुर पार कर उदगांव के रास्ते के पास पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। बैग छीनने का विरोध करने पर बदमाशों ने रवि के साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंच गए। भीड़ को इकट्ठा होता देख तीन बदमाश बैग छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए, जबकि एक बदमाश को पब्लिक ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई के बाद सुल्तानपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल पुत्र नफीस निवासी खड़ंजा कुतुबपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने फरार साथियों के नाम बताए हैं। वहीं पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।