न्यूज 127.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरिद्वारवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 51 से अधिक शिकायतें व समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 28 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान भूमि पैमाइश, नाला निकासी, जलभराव, गंदगी, सड़क, बिजली, पेयजल सहित अन्य जनसरोकार से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर ललित नारायण मिश्रा ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।







