ऋषिकेश।
ऋषिकेश क्षेत्रान्तर्गत शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीती 31 जनवरी 2026 की रात को शिवाजी नगर, गली नंबर-11 में किराये पर रह रही महिला प्रीति की अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई।
त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त सुरेश गुप्ता को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह ज्यादा समय तक कानून से बच नहीं सका।
पुलिस पूछताछ में आरोपी से घटना से जुड़े अहम तथ्यों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है तथा अन्य पहलुओं पर भी विवेचना जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :
नाम: सुरेश गुप्ता, पिता: स्वर्गीय लालामल गुप्ता, उम्र: 40 वर्ष
स्थायी निवासी: ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार
वर्तमान पता: आवास विकास कॉलोनी, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून
प्रीति मर्डर केस का खुलासा, आरोपी प्रेमी सहारनपुर से गिरफ्तार







