सन्नी हत्याकांड का खुलासा, हत्यारोपी दोस्त रोहित गिरफ्तार








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में हुए सन्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। बतादें पांच दिन से लापता सन्नी का शव रविवार को एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। पूछताछ में पता चला कि किश्तों में लिए गए मोबाइल को लेकर शराब के नशे में हुए विवाद में सन्नी की हत्या हुई।
पुलिस के मुताबिक बीती 30 जनवरी को रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी महिला द्वारा अपने पुत्र सन्नी उम्र करीब 20 वर्ष के घर से अपने दोस्तो के साथ जाने तथा वापस न लौटने को लेकर दी गई शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर पर युवक की गुमशुदगी दर्ज की गई व तलाश शुरु की गई।
गठित पुलिस टीम द्वारा अलग-अलग माध्यम से जुटाई गई जानकारी के आधार पर गुमशुदा युवक के दोस्त रोहित उर्फ़ बालू की संदिग्धता/संलिप्तता प्रकाश में आयी। संदिग्ध युवक से सख्ती से पूछताछ करने पर सामने आया कि आपसी विवाद में रोहित ने पहले अपने दोस्त सन्नी की गला दबा कर हत्या की और फिर शव को गन्ने के खेत में छिपाकर अपने घर वापस लौट गया। हत्यारोपी इसके बाद गांव वालों व अपने साथियों को भ्रमित कर मृतक को ढूंढने का नाटक करता रहा। पुलिस टीम ने युवक की निशांदेही पर सोमवार 1 फरवरी को मृतक सन्नी का शव बरामद कर हत्यारोपी को नियमानुसार हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पता चला कि 27 जनवरी को मृतक सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां रोहित ने सन्नी से पहचान पत्र व कुछ नगदी लेकर किश्तों में एक मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद तीनों दोस्तों ने अन्य के साथ मिलकर शराब पी। इसके बाद अन्य को छोड़कर सन्नी व रोहित कुन्हारी स्थित ठेके से शराब की बोतल लेकर जंगल की तरफ गए। शराब पीने के बाद दोनों दोस्तों के बीच नये मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा हो गया। नशे की हालत में झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि रोहित ने सन्नी की गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और लाश को पास ही गन्ने के खेत में छिपाकर वहां से भाग गया।