हरिद्वार।
श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव एवं एसएमजेएन डिग्री कॉलेज के चेयरमैन श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज के संयोजन में कॉलेज परिसर में होली पर्व को इको फ्रेंडली उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, जिला प्रेस क्लब पदाधिकारियों तथा कॉलेज स्टाफ ने सहभागिता कर रंगों के इस पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत शुक्ला ने होली से जुड़ी पौराणिक कथाएं एवं लोक परंपराएं साझा कीं, जिससे उपस्थित जनों को सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त हुई। वहीं पत्रकार संजय आर्य ने होली पर्व के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम का संदेश देता है। जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने होली गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया, जिससे वातावरण उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारत की परंपराएं और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और रिश्तों को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न कर प्राकृतिक और इको फ्रेंडली रंगों से होली मनानी चाहिए।
उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सत्य और निष्पक्षता पत्रकारिता की आत्मा है। खबरों को समाज के समक्ष ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रस्तुत करना चाहिए। राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक होती है।
श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज ने घोषणा की कि कॉलेज में शीघ्र ही पत्रकारिता पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा, जिसके माध्यम से पत्रकारिता क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं एवं पत्रकारों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे समाज को योग्य, संवेदनशील और जिम्मेदार पत्रकार मिलेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य सुनील कुमार बत्रा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इको फ्रेंडली उत्सव समय की आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कॉलेज अध्यक्ष डॉ. रवींद्र पुरी महाराज शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दे रहे हैं और यहां से शिक्षा प्राप्त कर अनेक छात्र-छात्राएं देश के विभिन्न शीर्ष पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित पत्रकारिता कोर्स में स्थानीय पत्रकारों का मार्गदर्शन लिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे पर गुलाब के फूलों से तथा होली की शुभकामनाएं देकर किया गया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक पत्रकारिता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
गुलाब के फूलों से खेली गई होली
एसएमजेएन डिग्री कॉलेज परिसर का सभागार में इस वर्ष अनूठे अंदाज में गुलाब के फूलों से होली खेली गई। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के चेयरमैन एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें पत्रकारों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रासायनिक रंगों के स्थान पर सुगंधित गुलाब की पंखुड़ियों से एक-दूसरे का स्वागत कर सभी ने इको फ्रेंडली होली का संदेश दिया। वातावरण गुलाब की खुशबू और पारंपरिक होली गीतों से सराबोर रहा। उपस्थित जनों ने इसे भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार नवीन चौहान ने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का पर्व है, जिसे पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाना समय की आवश्यकता है। गुलाब के फूलों से खेली गई होली ने प्राकृतिक सौंदर्य का अहसास कराया।




