न्यूज 127, हरिद्वार।
गंगा बंदी के दिन गोविंद घाट पर गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेयर किरण जैसल ने इनर व्हील क्लब की महिलाओं के साथ मिलकर एक सांकेतिक गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में क्लब की नौ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और घाट पर सफाई कर कूड़ा-कचरा निकाला, जिससे समाज को स्वच्छ गंगा और स्वच्छ घाट का स्पष्ट संदेश मिला।
इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और उनकी निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा कि लोग गंगा जी में प्लास्टिक, पॉलीथिन, पुराने कपड़े, पूजा सामग्री और अन्य कचरा बिल्कुल न डालें। इससे जल प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इनर व्हील क्लब की जोनल कोऑर्डिनेटर रुचिता सक्सेना और क्लब प्रेसिडेंट मंजू वत्स ने कहा कि नदियों और घाटों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। क्लब की सदस्यों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।
अभियान के दौरान अध्यक्ष मंजू वत्स, जोनल कोऑर्डिनेटर रुचिता सक्सेना, उपाध्यक्ष प्रियंका पांडेय, कोषाध्यक्ष मोनिका मोदी, एडिटर डॉ. विनीता कुमार, अनु जैन, पुष्पा आर्य, चारू बहल और शैली मांधाता सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने घाट पर श्रमदान कर लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में अपना सहयोग दें।


