सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, संचालिका समेत आठ महिला और ग्राहक गिरफ्तार








Listen to this article


न्यूज127
पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। महिला रक्षा टीम और थाना स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रैकेट की संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि दुर्ग शहर के नेहरू नगर क्षेत्र स्थित विद्या विहार कॉलोनी के मकान नंबर 146/8 में महिलाओं को बुलाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए महिला रक्षा टीम और थाना स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारकर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रैकेट की संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35 वर्ष) और ग्राहक अमन शेख (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वहीं मौके से आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित महिलाओं को रिहा कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और 5,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान महिला सुरक्षा और मानवाधिकारों का विशेष ध्यान रखा गया। अन्य महिलाओं के मामले में न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई, ताकि किसी निर्दोष महिला को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस के अनुसार इस सफलता के पीछे महिला रक्षा टीम और थाना स्मृति नगर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई मुख्य कारण रही। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है।