हरिद्वार में 15 फीट गहरे बोरवेल में गिरा गुलदार, वन विभाग ने ट्रैंकुलाइज कर किया रेस्क्यू








Listen to this article


हरिद्वार।
जिले के रुड़की क्षेत्र में एक गुलदार के बोरवेल के गड्ढे में गिर जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मामला रुड़की रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम भारापुर भौंरी के पास का है। बताया जा रहा है कि जंगल से भटककर एक गुलदार गांव के पास खेतों की ओर आ गया और वहां बने करीब 15 फीट गहरे बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। गुलदार काफी देर तक गड्ढे में फंसा रहा और बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन गड्ढा गहरा होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल पाया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
गांव के आसपास गुलदार दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर रात करीब साढ़े आठ बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
वन विभाग के एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ के निर्देश पर रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन कर्मियों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
डॉक्टरों की टीम ने किया ट्रैंकुलाइज

गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए देहरादून से पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने गुलदार को ट्रैंकुलाइज किया, ताकि उसे बिना किसी खतरे के गड्ढे से बाहर निकाला जा सके।
इसके बाद वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए सावधानी के साथ गुलदार को गड्ढे से बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ भी मौजूद रही।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुलदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे पिंजरे में रखकर देखभाल के लिए चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में वन कर्मियों के साथ पशु चिकित्सकों की टीम भी शामिल रही। सभी के संयुक्त प्रयास से गुलदार को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल उसे चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि जंगल या आसपास के इलाकों में कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें और खुद से किसी तरह का जोखिम न उठाएं।