हरिद्वार।
उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र से नौ वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल बालक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस के अनुसार लापता बालक का नाम दिव्यांश उर्फ बाबू पुत्र किशन खन्ना (आयु 9 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि दिव्यांश अपनी मां के साथ निर्धन निकेतन आया हुआ था। उसकी मां वहीं स्थित स्कूल में कार्य करती है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे तक दिव्यांश घर पर ही मौजूद था, लेकिन उसके बाद वह अचानक कहीं चला गया और फिर उसका पता नहीं चल पाया। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब बालक का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी है। खड़खड़ी चौकी प्रभारी ब्रहृदत्त बिल्जवाड़ ने बताया कि लापता बालक दिव्यांश निवासी रामगढ़ का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बालक की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तरी हरिद्वार से 9 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता




