हरिद्वार।
हरिद्वार जनपद में पुलिस महकमे की कार्यशैली को लेकर सख्ती दिखाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह थाना झबरेड़ा क्षेत्र की इकबालपुर चौकी के प्रभारी सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है और महकमे में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि थाना झबरेड़ा के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और लापरवाही की शिकायतें सामने आई थीं। लेकिन खनन से जुड़े एक प्रकरण की वीडियो वायरल हो गई। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के बाद चौकी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
एसएसपी नवनीत भुल्लर ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही करने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निलंबन के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एसपी ग्रामीण को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नवनीत भुल्लर की इस कार्रवाई के बाद हरिद्वार पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि अब कार्य में ढिलाई या लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिसकर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार करने और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का संदेश मिला है।
सूत्रों के अनुसार, एसएसपी की सख्ती के बाद जनपद के विभिन्न थानों और चौकियों में पुलिसकर्मी अपने कार्य को लेकर अधिक सतर्क दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते है।




