खेल गतिविधियों से छात्रों के शारीरिक-मानसिक विकास को मिलेगा नया आयाम
देहरादून।
“खेल बनेंगे स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मन का आधार” की भावना को साकार करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी, देहरादून में नवनिर्मित क्रीड़ांगन का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, ऊर्जा और उल्लास से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नवनिर्मित खेल मैदान का उद्घाटन डीएवी मैनेजिंग कमेटी के प्रधान पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर तथा क्रिकेट नेट पिच के प्रवेश द्वार पर फीता काटकर किया। इस अवसर पर उनके साथ श्रीमती सूरी, जे.के. कपूर, वाइस चेयरमैन ब्रिगेडियर ए.के. अदलखा, विद्यालय की मैनेजर डॉ. अल्पना शर्मा, उत्तराखंड जोन के क्षेत्रीय प्रबंधक पी.सी. पुरोहित, विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा डिफेंस कॉलोनी के गणमान्य नागरिकों में डॉ. बी.के. नौटियाल और कर्नल एस.एल. पैन्यूली सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

विद्यालय पहुंचने पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सुमधुर ध्वनि के बीच चंदन तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वेद-स्तुति पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से हुआ।

इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा की गौरवशाली विरासत को सुंदर ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। इसके पश्चात ग्रैंड फिनाले में छात्रों ने पारंपरिक और आधुनिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इन प्रस्तुतियों ने जहां भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की झलक दिखाई, वहीं आधुनिक परिवेश में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। छात्रों की ऊर्जा और जोश से पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की पूर्व छात्रा मीनल नेगी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मीनल नेगी ने वर्ष 2025 की यूपीएससी परीक्षा में 66वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को मीनल नेगी से प्रेरणा लेने और कड़ी मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य को हासिल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़ा गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार सूर्य अपने प्रकाश से समस्त विश्व को ऊर्जा और उजाला प्रदान करता है, उसी प्रकार यह विद्यालय भी विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा से प्रकाशित करता रहे।
अपने संबोधन में डीएवी मैनेजिंग कमेटी के प्रधान पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने कहा कि डीएवी विद्यालयों में खेल गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाता है।

उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करना नहीं, बल्कि छात्रों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद आवश्यक हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी, नीरज चोपड़ा और मनु भाकर जैसे कई प्रसिद्ध खिलाड़ी भी इसी डीएवी परिवार से जुड़े रहे हैं, जिन्होंने विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धियां डीएवी की समृद्ध खेल परंपरा को दर्शाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और स्नेहपूर्ण सहभागिता से यह आयोजन अत्यंत सफल और यादगार बन पाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नया क्रीड़ांगन विद्यार्थियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।





