हरिद्वार।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस और एएचटीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अनैतिक देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 02 पुरुष और 01 महिला आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि एक पीडि़ता को मुक्त कराया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हृदय विहार कॉलोनी, सलेमपुर स्थित एक मकान में कुछ महिलाएं और पुरुष अनैतिक देह व्यापार का धंधा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई और 02 पुरुष व 01 महिला को हिरासत में लिया गया। साथ ही उनके कब्जे से एक पीडि़ता को भी मुक्त कराया गया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों के नाम इरफान पुत्र महमूद, निवासी ग्राम व थाना कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 40 वर्ष, सोफियान पुत्र साजिद, निवासी ग्राम महमूदपुर थाना पीरान कलियर, हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष व एक महिला, निवासी थाना कलियर, हरिद्वार, उम्र 29 वर्ष बतायी गयी है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक कार व आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस का कहना है कि अनैतिक देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।




