सीज स्टोन क्रेशर पर अवैध खनन, प्रशासन का एक्शन: मुकदमा दर्ज








Listen to this article


हरिद्वार
जनपद हरिद्वार के लक्सर तहसील अंतर्गत ग्राम बाड़ीटीप में अवैध रूप से संचालित हो रहे स्टोन क्रेशर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। प्राप्त शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बाड़ीटीप स्थित मै० अवनी स्टोन क्रेशर का 17 अप्रैल 2026 को निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त स्टोन क्रेशर को पूर्व में 14 दिसंबर 2025 को प्रशासन द्वारा सीज किया जा चुका था। इसके बावजूद संचालक द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के पुनः संचालन किया जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
निरीक्षण टीम ने मौके पर अवैध संचालन की पुष्टि करते हुए कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी। स्टोन क्रेशर के संचालक/स्वामी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कोतवाली लक्सर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार के मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।