न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार के गाडोवाली रोड पर रिंग रोड के पास वसीम कुरैशी द्वारा लगभग 15 बीघा के क्षेत्रफल में किये जा रहे अनाधिकृत प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम द्वारा जेसीबी की सहायता से पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्त किया गया।
स्थल पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ता को निर्देश दिए गए कि स्थल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण कार्य ना किया जाए। बतादें एचआरडीए की टीम लगातार अभियान चलाकर अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को भी यह बड़ी कार्रवाई की गई। इससे पूर्व विगत दिवस भी एचआरडीए की टीम ने गाडोवाली में अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया था। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से प्लाटिंग कर कालोनी विकसित कर रहे लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा गया था। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिये गए थे कि जब तक वह प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत न करा लें तब तक मौके पर किसी तरह विकास कार्य न करें। नोटिस के बावजूद मौके पर प्लाटिंग का कार्य जारी रखने पर यह कार्रवाई की गई।
अवैध प्लाटिंग पर हरिद्वार में चली प्राधिकरण की जेसीबी




