नैनीताल।
उत्तराखंड में धर्मांतरण के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए नैनीताल पुलिस ने एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लालकुआँ क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और एआई तकनीक से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। यह कार्रवाई प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मांतरण के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप की गई है।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने कोतवाली लालकुआँ में तहरीर देकर बताया कि करीब दो माह पूर्व इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के माध्यम से उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को लड़की बताकर बातचीत शुरू की, फिर धीरे-धीरे निजी जानकारी हासिल कर मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद आरोपी ने फोन पर संपर्क बढ़ाया और पीड़िता को बहला-फुसलाकर मिलने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ की तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली लालकुआँ में तत्काल मुकदमा संख्या 69/26, धारा 78/79 बीएनएस एवं 7/8 पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद 01 मई 2026 को आरोपी इब्राहिम (27 वर्ष), निवासी ग्राम सरकरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को लालकुआँ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में धर्मांतरण से जुड़े किसी भी अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
धर्मांतरण पर जीरो टॉलरेंस: नाबालिग से छेड़छाड़, एआई वीडियो की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार




