उच्च हिमालय में फंसे 40 ट्रैकर्स का सुरक्षित रेस्क्यू




Listen to this article

ऑडेन कोल के सभी 29 और कालिंदी पास के 11 ट्रैकर्स निकाले गए

न्यूज 127, उत्तरकाशी।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अचानक हुई बारिश और बर्फबारी के बीच फंसे ट्रैकर्स एवं एक्सपीडिशन दलों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान में सोमवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस, प्रशासन, सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों ने दिनभर युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए कुल 40 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स में गंगोत्री के उच्च हिमालयी क्षेत्र स्थित ऑडेन कोल में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स और कालिंदी पास क्षेत्र के 11 ट्रैकर्स शामिल हैं। हवाई रेस्क्यू के बाद ट्रैकर्स को हर्षिल हेलीपैड लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण, गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके बाद सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

डीएम-एसपी ने हर्षिल पहुंचकर लिया जायजा
जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने सोमवार को हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने अभियान में जुटी पुलिस, प्रशासन, सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

अधिकारियों ने ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और हवाई एवं पैदल रेस्क्यू मार्गों की स्थिति की जानकारी लेते हुए टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बदलते मौसम के बीच रेस्क्यू अभियान को सुरक्षित तरीके से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कालिंदी पास में अभियान जारी
ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं कालिंदी पास क्षेत्र से सोमवार को 11 और ट्रैकर्स का रेस्क्यू किया गया। प्रशासन और बचाव एजेंसियां उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अभियान के दौरान मौसम और परिस्थितियों का लगातार आकलन कर रही हैं।

जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने हेलीपैड पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू के बाद पहुंचने वाले प्रत्येक ट्रैकर के लिए पर्याप्त राहत सामग्री, तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू के बाद भी ट्रैकर्स को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

15 सदस्यीय एसडीआरएफ दल भी जुटा
रेस्क्यू अभियान में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, वायुसेना, आपदा प्रबंधन और अन्य राहत-बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से जुटी हैं। पुलिस उपाधीक्षक संजय उप्रेती के नेतृत्व में देहरादून से एसडीआरएफ का 15 सदस्यीय विशेष दल भी अभियान में शामिल है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने रेस्क्यू टीमों का मनोबल बढ़ाते हुए विपरीत मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उनके समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अभियान को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उत्तरकाशी में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की चुनौती के बीच ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान जारी है। मुख्यमंत्री और शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।