न्यूज 127, उधमसिंहनगर।
“नशा मुक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में उधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत की 104.23 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय नशा सप्लाई चेन का भी खुलासा हुआ है। पूछताछ में बरेली कनेक्शन सामने आया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
दिनांक 02 मई 2026 को पुलिस टीम द्वारा चौकी बरा क्षेत्र, सितारगंज रोड स्थित नैनीताल बैंक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसने अपना नाम मौ0 आकिल पुत्र शाकिर निवासी इस्लामनगर, वार्ड नंबर 4, सितारगंज बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 104.23 ग्राम अवैध स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बरेली जनपद के बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम मुडिया निवासी “बोबी” नामक व्यक्ति से खरीदकर लाता था और यहां ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2025 में भी स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिलते हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि नशे का कारोबार समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के खिलाफ गंभीर साजिश है। उधमसिंहनगर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय, थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, उपनिरीक्षक धीरज वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




