न्यूज 127, देहरादून।
देहरादून के कांवली रोड पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से राहगीर की मौके के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। भीड़ ने राहगीर की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर विरोध शुरू किया। आक्रोशित लोगों ने जाम और आगजनी की, परिजन मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हंगामे और जाम की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर हुआ, जहां बजरी से भरा डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढलान होने के बावजूद डंपर की गति काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय युवक को डंपर ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान बाद में सतेंद्र साहनी के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने टायर और लकड़ियां जलाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।




